
ऋषिकेश
पिछले 9 साल 10 महीने से सऊदी अरब में फंसे उत्तराखंड निवासी इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार सकुशल अपने वतन लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अथक प्रयासों से उनकी घर वापसी संभव हो पाई। आज जैसे ही रोशन रतूड़ी उन्हें लेकर रानीपोखरी पहुंचे, वहां पहले से मौजूद हजारों की संख्या में लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। करीब एक दशक के लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद अपनी मातृभूमि देवभूमि उत्तराखंड की धरती पर कदम रखते ही इंद्रमणि नौटियाल भावुक हो गए। उनकी सुरक्षित वापसी से परिजनों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर इंद्रमणि नौटियाल ने अपनी घर वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी, सभी जनप्रतिनिधियों और कठिन समय में साथ देने वाली जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के बाद वह अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।
