
टिहरी
टिहरी पुलिस की कमान अब आईपीएस सरिता डोबाल के हाथों में आ गई है। आज उन्होंने नई टिहरी स्थित पुलिस कार्यालय में एसएसपी का कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने मुनिकीरेती स्थित भद्रकाली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। पुलिस ऑफिस पहुंचने पर जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पहली बैठक कर जमीनी हालात, अपराध और ट्रैफिक व्यवस्था का फीडबैक लिया। एसएसपी सरिता डोबाल ने दो-टूक कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध रोकना और लोगों को सुरक्षित माहौल देना उनकी पहली प्राथमिकता है। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई भी होगी। पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग होगी और सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए पुलिस-पब्लिक का भरोसा और मजबूत किया जाएगा। साइबर क्राइम पर लगाम, महिला सुरक्षा और जाम व यातायात की समस्या को दुरुस्त करने पर खास जोर रहेगा। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को साफ संदेश दिया कि काम में पूरी ईमानदारी और निष्ठा रखें, लेकिन आम जनता के साथ व्यवहार संवेदनशील और मित्रवत हो। इस मौके पर सीओ चंबा महेश लखेड़ा, सीओ टिहरी चंद्रमोहन सिंह, सीएफओ टिहरी संजीवा कुमार, आरआई चंबा अमित कुमार, कोतवाल नई टिहरी ऐश्वर्य पाल, कोतवाल चंबा विपिन बहुगुणा समेत पुलिस कार्यालय के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
