
ऋषिकेश
ऋषिकेश के लालपानी स्थित नगर निगम के कूड़ा निस्तारण प्लांट को लेकर चल रहा 55 दिनों का गतिरोध भारी पुलिस बल के साये में खत्म तो हो गया। लेकिन इसके साथ ही इलाके में सियासी पारा भी चढ़ गया है। दुर्गंध और बीमारियों के खतरे से जूझने का आरोप लगा रहे लोगों के कड़े विरोध को दरकिनार करते हुए प्रशासन ने प्लांट का ताला आज खुलवा दिया। विरोध की अगुवाई करने पहुंचे पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण समेत करीब तीन दर्जन आंदोलनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बसों में भरा और डोईवाला कोतवाली रवाना कर दिया। बता दे कि आज ऋषिकेश कोतवाली पुलिस की अचानक दबिश से लालपानी प्लांट पर धरना दे रहे आंदोलनकारियों में खलबली मच गई। मामला बिगड़ता देख प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और डोईवाला, रायवाला के साथ-साथ टिहरी और हरिद्वार जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स बुला ली। देखते ही देखते पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोग भी

बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और नारेबाजी तेज हो गई। तभी एसडीएम राजकुमार पांडे, नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला और सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक आंदोलनकारियों को समझाने की हर मुमकिन कोशिश की। लेकिन जनता का गुस्सा शांत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की दो-टूक मांग थी कि दुर्गंध ने जीना मुहाल कर दिया है, प्लांट को यहां से तुरंत शिफ्ट किया जाए। आंदोलन को तब बड़ा बल मिला, जब पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, स्वाभिमान मोर्चे के महामंत्री सुधीर राय और लालमणि रतूड़ी समर्थन देने धरना स्थल पर आ पहुंचे। जब प्रशासन को लगा कि बातचीत से रास्ता नहीं निकलने वाला, तो पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। पुलिस ने पूर्व मंत्री सजवाण, सुधीर राय समेत करीब 36 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। विरोध के शोर और नारेबाजी के बीच प्रशासन ने प्लांट की मशीनें चालू कराईं और कचरा निस्तारण का काम शुरू कर दिया।
