
ऋषिकेश
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी और समाजसेवी डॉ. नीरजा गोयल को जनपद देहरादून का दिव्यांगजन आइकॉन नामित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी, देहरादून के मार्गदर्शन में जिला समाज कल्याण अधिकारी देहरादून द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नियुक्ति का मुख्य लक्ष्य आगामी चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित और जागरूक करना है। ऋषिकेश निवासी डॉ. नीरजा गोयल अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी होने के साथ-साथ नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट, ऋषिकेश की संस्थापक भी हैं। वे लंबे समय से शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजनों की सहायता और जरूरतमंदों की सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। दिव्यांगजन आइकॉन के रूप में डॉ. नीरजा गोयल मतदाताओं को जागरूक करने के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया के दौरान दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुगम और सुलभ व्यवस्थाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएंगी। नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. नीरजा गोयल ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने दिव्यांगजनों से अपील की कि वे बिना किसी झिझक या परेशानी के मतदान केंद्रों पर पहुंचे और मताधिकार का उपयोग करें। उनके अनुसार, लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है और वे 2027 के विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को साधने में सहयोग देंगी। उन्होंने इस दायित्व के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी का आभार भी जताया।
