
ऋषिकेश
ऋषिकेश के गुमानीवाला क्षेत्र में रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घर का सामान लेने निकले एक बुजुर्ग को बेकाबू बाइक सवार ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि इलाज के दौरान एम्स में उन्होंने दम तोड़ दिया। दिल दहला देने वाला यह पूरा हादसा पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जबकि आरोपी चालक वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक छावड़ा फार्म मनसा देवी निवासी दयाल सिंह बीती 20 नवंबर की सुबह रोज की तरह पास की दुकान से घरेलू सामान लेने के लिए निकले। सामान लेकर घर लौटते समय जैसे ही वे मनसा देवी मंदिर के पास पहुंचे, काल बनकर आई एक तेज रफ्तार और लापरवाह बाइक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दयाल सिंह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स लेकर भागे, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पिता की मौत के बाद मृतक की बेटी गरिमा गुसाईं ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर देकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस हिट एंड रन मामले का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले पर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि मृतक की बेटी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
