ऋषिकेश
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा में टिकट के लिए दावेदारों के नाम भी खुलकर सामने आने लगे हैं। ऋषिकेश में पिछले 37 वर्षों से पार्टी में विभिन्न पदों पर सक्रिय रहकर अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल गुप्ता ने ऋषिकेश विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर दी है। कपिल गुप्ता ने जिला संगठन ऋषिकेश को औपचारिक पत्र सौंपकर विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की मांग की है। कपिल गुप्ता ने जिला संगठन को अपने 37 साल के राजनीतिक सफर का ब्योरा भी दिया है। कपिल गुप्ता का कहना है कि उन्होंने पार्टी के प्रति निष्ठावान रहते हुए हर जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाया है। ऋषिकेश उनका जन्मस्थान है। उनका बचपन, जवानी और जीवन का एक बड़ा हिस्सा यहीं बीता है। उन्होंने अपनी पूरी राजनीतिक यात्रा में पार्टी विरोधी कोई कार्य नहीं किया और हमेशा पार्टी में अपनी छवि को बेदाग बनाए रखा। इसी आधार पर उन्होंने पार्टी संगठन के समक्ष ऋषिकेश विधानसभा सीट से अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत की है।
वर्ष 1989 की शुरुआत: उन्होंने साल 1989 में छात्र परिषद की सदस्यता के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी, जहां उन्होंने चुनाव भी लड़ा और संगठन में सचिव व यूनिवर्सिटी रिप्रेजेंटेटिव (UR) जैसे पदों पर कार्य किया।
विभिन्न संगठनात्मक दायित्व: वे छात्र परिषद के बाद युवा मोर्चा, पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के साथ कार्य करने, मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष (तीन बार), और नमामि गंगे के प्रदेश संयोजक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
