ऋषिकेश
ऋषिकेश की पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी, दिव्यांग समाजसेवी और नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक डॉ. नीरजा गोयल को समाज सेवा और खेल जगत में उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक योगदान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिष्ठित शाइनिंग स्टार ऑफ उत्तराखंड के सम्मान से अलंकृत किया है। यह सम्मान मिलने से ऋषिकेश सहित पूरे उत्तराखंड में हर्ष की लहर है। डॉ. नीरजा गोयल ने खेल और समाज सेवा दोनों ही मोर्चों पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने एक पैरा इंटरनेशनल बैडमिंटन खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीते हैं। वहीं दूसरी ओर समाज के वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर संघर्षरत रही हैं। डॉ. नीरजा गोयल द्वारा संचालित नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से समाज के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण और निःशुल्क योजनाएं चलाई जा रही हैं। जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क स्कूली शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर शिक्षा प्रदान की जा रही है। महिलाओं को आर्थिकी रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए नियमित रूप से निःशुल्क फिजियोथेरेपी सेवाएं दी जा रही हैं। दिव्यांगजनों के सहयोग एवं समाज के उत्थान के लिए विभिन्न सामाजिक शिविरों का आयोजन किया जाता है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर डॉ. नीरजा गोयल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी माता, छोटी बहन नूपुर, अपने सभी सहयोगियों और शुभचिंतकों को भी उनके निरंतर स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।
