ऋषिकेश
अब बड़ी खबर ऋषिकेश से है जहां एक दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर लहूलुहान किया है। पीड़ित पहले सरकारी अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर होकर जॉलीग्रांट अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस और तहरीर में लगाए गए आरोपों के मुताबिक घटना 8 अक्टूबर की रात लगभग साड़े आठ बजे लक्कड़ घाट की है। जब आरोपी पीड़ित के रिश्तेदार की दुकान पर आए और उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब पीड़िता के भाई गौरव निषाद ने बीच बचाव कर उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने भड़ककर उसके और उसके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड और धारदार हथियार से गौरव निषाद के सिर पर गंभीर वार किए। जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर जाते-जाते पिता और भाई के दो मोबाइल और कुछ नकदी भी छीन कर ले गए। घटना के बाद घायल गौरव निवासी सर्वहारा नगर ऋषिकेश को पहले सरकारी अस्पताल ऋषिकेश ले जाया गया। जहां हालत बेहद गंभीर होने पर उसे जौलीग्रांट, हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गौरव के पिता ने बताया कि गौरव के सिर पर दर्जन भर से अधिक टांके लगे हैं। मामले में ऋषिकेश कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने गगन, गणेश और नवीन निवासी लक्कड़ घाट के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपनी जांच को आगे बढ़ना शुरू कर दिया है।
