ऋषिकेश
ऋषिकेश में वीरपुर खुर्द स्थित प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर के पास वन विभाग की टीम ने अचानक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया। लगातार मिल रही अवैध कब्जों की शिकायतों पर बड़ा एक्शन लेते हुए डीएफओ वैभव कुमार खुद भारी फोर्स और टीम के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और पूरी वन भूमि का जायजा लिया। डीएफओ ने मौका मुआयना करते हुए साफ लहजे में चेतावनी दी कि वन विभाग की एक एक इंच जमीन की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। यदि किसी ने भी वन भूमि पर अवैध कब्जा करने की हिमाकत की, तो उस पर सीधे मुकदमे की कानूनी तलवार चलेगी। उन्होंने बताया कि वीरभद्र क्षेत्र में वन भूमि का एक हिस्सा विभिन्न संस्थाओं को नियमानुसार लीज पर दिया गया है। एक बड़ा भू-भाग अब भी पूरी तरह वन विभाग के सीधे नियंत्रण में है। जमीन की सटीक सीमांकन और स्थिति जांचने के लिए एक विशेष सर्वे टीम गठित कर दी गई है, जो मौके पर पैमाइश कर रही है।

शिकायतों पर तुरंत एक्शन, सर्वे टीम गठित
डीएफओ ने बताया कि वीरभद्र ब्लॉक क्षेत्र में लंबे समय से विभिन्न माध्यमों से वन भूमि पर अवैध गतिविधियों और कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह औचक निरीक्षण किया। क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि सर्वे रिपोर्ट आते ही होगा एक्शन। वन विभाग की विशेष सर्वे टीम जैसे ही अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, अतिक्रमण की पूरी तस्वीर आईने की तरह साफ हो जाएगी। डीएफओ ने स्थानीय वन अधिकारियों और गश्ती दल को 24 घंटे सतर्क रहने के कड़े निर्देश दिए हैं।
डीएफओ वैभव कुमार की सीधी चेतावनी
जांच या सर्वे में यदि जरा सा भी अवैध कब्जा या अतिक्रमण पाया गया, तो बिना किसी रियायत के भारतीय वन अधिनियम के तहत संबंधित भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
