देहरादून
एक चर्चित ब्लाइंड मर्डर का महज़ 12 घंटे के भीतर सफल अनावरण हुआ है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद कर लिया है।
खाई में मिला था शव, गले पर थे हमले के निशान
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के मुताबिक 3 अक्टूबर को प्रेमनगर क्षेत्र के मंडुवाला डॉल्फिन कॉलेज के समीप जंगलों की खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक की पहचान मदन मुखिया उम्र 38 वर्ष मूल निवासी सहरसा बिहार, हाल निवासी मांडूवाला देहरादून के रूप में हुई। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला राज
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मजदूरों का सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने मांडूवाला के बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा उम्र 23 वर्ष को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मृतक की पत्नी मीना देवी के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल में मिली फोटो-वीडियो बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी लल्लन शर्मा ने खुलासा किया कि उसका पिछले 2-3 वर्षों से पड़ोसी मदन मुखिया की पत्नी मीना के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दो दिन पहले मदन ने लल्लन का मोबाइल चेक किया, जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो मिल गए। भयंकर गुस्से में आकर मदन ने दोनों को जान से मारने और पूरे गांव/समाज में उनके रिश्ते का भांडा फोड़ने की धमकी दी। बदनामी और जान के डर से प्रेमी जोड़े ने मदन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
शराब पिलाकर जंगल में दिया वारदात को अंजाम
योजना के मुताबिक, शाम के वक्त मीना देवी अपने पति मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। जब मदन शराब के नशे में धुत हो गया, तो मीना और लल्लन ने मिलकर चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को पास की खाई में फेंक दिया गया और खून से सना चाकू झाड़ियों में छिपा दिया, जिसे पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त
लल्लन शर्मा (पुत्र गणेश शर्मा), उम्र 23 वर्ष, निवासी सहरसा (बिहार), हाल निवासी मांडूवाला, प्रेमनगर।
मीना देवी (पत्नी स्वर्गीय मदन मुखिया), उम्र 30 वर्ष, निवासी सहरसा (बिहार)।
बरामदगी
घटना में प्रयुक्त 1 धारदार चाकू।
पुलिस टीम
थानाध्यक्ष प्रेमनगर उ0नि0 गिरीश नेगी, व0उ0नि0 संजय रावत, चौकी प्रभारी झाझरा उ0नि0 प्रद्युमन सिंह नेगी, उ0नि0 जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा, कान्स्टेबल रोबिन सिंह, अमरेंद्र, महिला कान्स्टेबल सुशीला एवं कान्स्टेबल चालक जी०एस० सैनी।
