भानियावाला
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में भानियावाला स्थित एक स्थल पर डोईवाला और ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक, नगर एवं मंडल अध्यक्षों के साथ संगठन की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने के साथ जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड कांग्रेस सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि संगठन को धरातल पर मजबूत करने के लिए ब्लॉक, नगर और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को फ्रंटलाइन पर आकर काम करना होगा। उन्होंने नियमित समीक्षा और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद पर विशेष बल दिया। उत्तराखंड कांग्रेस संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने अनुशासन, निरंतरता और आपसी समन्वय को सफलता की कुंजी बताते हुए सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। वहीं परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने उपस्थित पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाकर संघर्ष करें।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में डोईवाला नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ऋषिकेश महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट (डोईवाला), विजय पाल पंवार (श्यामपुर), गोकुल रमोला (रायवाला), सुनील थपलियाल (नत्थनपुर) समेत मंडल अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी, मोहित कप्रवान, राजेंद्र बिष्ट, देवराज सावन, साजिद अली, संजीव भट्ट, आशीष मनवाल, दीपक थापा, नवीन कुमार, रविंद्र उनियाल, सनमोहन रावत, सुमित त्यागी, कृष्णा त्यागी, राजेश शाहनी, राम कुमार बरतालिया, अपील यादव, संदीप जुनेजा, अमित रावत तथा अनुषांगिक संगठनों के जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, राहुल मनवाल, सुनील बर्मन और महेश कुकरेती सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता के लिए विस्तृत रणनीति और कार्ययोजना तैयार की गई।
