ऋषिकेश
ऋषिकेश से सटे ग्रामीण इलाकों में जंगली जानवरों की दस्तक थमने का नाम नहीं ले रही है। ग्राम पंचायत चकजोगीवाला में एक बार फिर गुलदार के घर के आंगन में खुलेआम टहलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। गुलदार की इस चहलकदमी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसके बाद से ग्रामीणों के दिलों की धड़कनें तेज हैं और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार चकजोगीवाला निवासी मुरारी सिंह रावत के घर के आंगन में देर रात अचानक गुलदार आ धमका। मुरारी सिंह रावत ने बताया कि रात में अचानक कुत्तों के तेज भौंकने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच की, तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में एक गुलदार आराम से उनके आंगन में टहलता हुआ नजर आया। मुरारी सिंह रावत ने चिंता जताते हुए बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यह गुलदार एक ग्रामीण के घर के आंगन में घुसकर उसकी बछड़ी को अपना शिकार बना चुका है। बार-बार आबादी वाले क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी से अब ग्रामीणों के सामने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद से चकजोगीवाला के ग्रामीण बेहद डरे और सहमे हुए हैं। रात होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
