ऋषिकेश
यूथ स्पोर्ट्स एजुकेशन फेडरेशन इंडिया द्वारा गोवा में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित ऑल इंडिया चैंपियनशिप में उत्तराखंड पहाड़ी ब्वायज फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल और विनिंग ट्रॉफी अपने नाम की है। आज एम्स ऋषिकेश और नेपाली फार्म के पास गोल्ड मेडल जीतकर लौटी विजेता टीम के पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने ढोल-दमाऊ की थाप और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। गोवा में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहाड़ी ब्वायज की टीम ने अपने सभी मुकाबलों में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मैच जीतकर उत्तराखंड का नाम पूरे देश में रोशन किया है। टीम के ऋषिकेश आगमन पर संयोजक गोपाल रावत, कोच दिग्विजय सिंह तोमर, कैप्टन दीपक बिष्ट, मैनेजर त्रिलोकनाथ गुप्ता, खिलाड़ी शैलेंद्र कुमार अन्थवाल, विजय शर्मा, अनिल रावत, शीशपाल सिंह पोखरियाल और यशवंत सिंह रावत समेत पूरी टीम का नागरिक अभिनंदन किया गया। इस मौके पर उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुधीर राय रावत ने कहा कि 40+ आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल कर न केवल ऋषिकेश बल्कि पूरे राज्य का स्वाभिमान बढ़ाया है। टीम के संस्थापक गोपाल रावत ने कहा कि यह जीत प्रदेश के युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और राष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम में उपस्थित मोर्चा के जिला अध्यक्ष शीशपाल सिंह पोखरियाल, क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र नेगी और गढ़ी मयचक के ग्राम प्रधान बॉबी रांगड़ ने टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाओं और रोजगार की जानकारियों को युवाओं तक पहुँचाकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अभिनंदन समारोह में यशपाल असवाल, गौतम राणा, विक्की वर्मा, शैलेंद्र मिश्रा, गुरु चरण सिंह, दिनेश असवाल, अरुण थपलियाल, शंकर दयाल धनी, कमलेश चंद्र, सुमित पोखरियाल, विकी पवार, राजीव राणा, रेखा जोशी, मोहन भंडारी, बिजेंदर नेगी, नेम सिंह और राजेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
