ऋषिकेश
ऋषिकेश के चन्द्रेश्वर नगर स्थित रजत जयंती पार्क में सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम ऋषिकेश द्वारा आयोजित सेवा सुशासन संवाद कार्यक्रम उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य ध्येय शासन की जनहितैषी नीतियों और सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचना रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल तथा महापौर शंभू पासवान ने शिरकत की।

कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के पहुंचते ही आयोजकों व स्थानीय जनसमूह ने ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा, भव्य फूल-मालाओं से उनका गर्मजोशी से नागरिक अभिनंदन किया। संबोधन के दौरान मुख्य अतिथियों ने केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का जमकर बखान किया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा और सुशासन के मूल मंत्र पर काम करते हुए सरकार का हर कदम समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित है। स्वास्थ्य, शिक्षा, अवस्थापना और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। संवाद सत्र के दौरान स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी ऋषिकेश के चहुंमुखी विकास,
जनसुविधाओं के विस्तार और धरातलीय चुनौतियों को लेकर अपने विचार रखे। अतिथियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जनता के सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में नगर निगम प्रशासन ने सभी गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
