ऋषिकेश
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते ऋषिकेश में गंगा नदी विकराल रूप धारण कर चुकी है। राम झूला, लक्ष्मण झूला और मुनिकीरेती के तटीय क्षेत्रों में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा को पार कर गया है, जिससे नदी किनारे स्थित घाट और अस्थायी दुकानें जलमग्न हो गई हैं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में गंगा का रौद्र रूप साफ देखा जा सकता है। राम झूला के समीप नदी का तेज़ बहाव तटीय इलाकों तक पहुंच गया है, जहां पानी में कई छोटी दुकानें और रेहड़ियां डूब गई हैं।

सामने आई बेबसी और हिम्मत की तस्वीरें
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी के तेज प्रवाह में एक रेहड़ी और काउंटर बहने की कगार पर है। स्थानीय दुकानदार और नागरिक अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सियों के सहारे बहाव के बीच फंसे सामान को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
SDRF और जल पुलिस अलर्ट मोड पर
जलस्तर में अचानक हुई इस भारी वृद्धि के बाद प्रशासन, SDRF और जल पुलिस की टीमों को घाटों पर तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों द्वारा लाउडस्पीकर के ज़रिए श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को चेतावनी दी जा रही है कि वे गंगा घाटों और नदी के किनारे न जाएं। सुरक्षा के मद्देनज़र तटवर्ती क्षेत्रों को खाली कराया जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा राज्य में और बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के कारण नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है।
