डोईवाला
डोईवाला विधानसभा अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के बालावाला में सड़कों की बदहाल स्थिति से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बांगी पुलिया (बालावाला) पर एकत्रित होकर सरकार का पुतला दहन किया और जल्द से जल्द सड़कों के सुधार की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बालावाला क्षेत्र की मुख्य व आंतरिक सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं। सड़कों पर बने गहरे गड्ढों, उड़ती धूल और कीचड़ के कारण स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों व वाहन चालकों को आवागमन में रोजाना भारी दिक्कतों व दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
नेताओं के मुख्य बिंदु
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि सरकार के विकास के दावे धरातल पर हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। बालावाला की सड़कें जमीनी हकीकत बयां कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग तत्काल सड़कों का सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू करे।

नथनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील थपलियाल और डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि सुरक्षित सड़कें जनता का बुनियादी अधिकार हैं। लंबे समय से उपेक्षा झेल रही जनता की आवाज को कांग्रेस मजबूती से उठाती रहेगी।
पूर्व राज्य मंत्री मनीष नागपाल और वार्ड नंबर 98 अध्यक्ष नितिन उनियाल ने चेतावनी दी कि गड्ढों के कारण क्षेत्र में हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना रहता है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और जिम्मेदार विभाग ने शीघ्र ही सड़कों को दुरुस्त नहीं किया, तो जनहित में इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन के दौरान परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, पूर्व राज्यमंत्री मनीष नागपाल, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील थपलियाल, ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, जितेंद्र बिष्ट, नितिन उनियाल, नीरज भंडारी समेत भारी संख्या में कांग्रेसजन और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
