

जसपुर
ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर स्थित छीपियान मोहल्ले में बच्चों के खेल-खेल में हुए विवाद ने एक भयानक रूप ले लिया। पड़ोसी के 9 वर्षीय बालक ने गुस्से में आकर अपने 11 वर्षीय साथी ईशान की छाती में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और तनाव का माहौल है।
खेलते समय बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक, सातवीं कक्षा का छात्र ईशान अपने घर के पास रहने वाले 9 साल के बच्चे के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी बालक ने गुस्से में आकर ईशान की छाती पर चाकू से हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
परिजन खून से लथपथ ईशान को तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद ईशान की जान नहीं बचाई जा सकी। ईशान अपने पिता तस्लीम का सबसे छोटा बेटा था, जो घर के पास ही हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं।
इलाके में पुलिस बल तैनात, आरोपी फरार
वारदात के बाद आरोपी बच्चा मौके से फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बालक के पिता की बीमारी के कारण पहले ही मौत हो चुकी है और वह स्कूल भी नहीं जाता था।
घटना की संवेदनशीलता और इलाके में उपजे तनाव को देखते हुए छीपियान मोहल्ले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जसपुर के कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि तहरीर मिलते ही नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार बालक की तलाश की जा रही है।
