

ऋषिकेश
संगठित अपराधियों की काली कमाई पर प्रहार करते हुए देहरादून पुलिस ने एक बड़े आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ऋषिकेश क्षेत्र में बिल्डर का काम करने वाले और 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर रवि गुप्ता को पुलिस ने नेपाल भागते समय उत्तर प्रदेश के महराजगंज से दबोच लिया। अब पुलिस आरोपी द्वारा अपराध से अर्जित की गई अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें कुर्क करने की तैयारी में जुट गई है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी रवि गुप्ता ऋषिकेश क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिल्डर का काम करता है। उसने कंस्ट्रक्शन और रीयल एस्टेट के कारोबार में भारी रकम इन्वेस्ट कर रखी है। पुलिस अब आरोपी की आय के स्रोतों, बैंक खातों और चल-अचल संपत्तियों की गहनता से पड़ताल कर रही है। सीओ तुषार बोरा ने साफ किया कि संगठित अपराध और अवैध धन अर्जित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संगठित अपराधियों द्वारा अवैध स्रोतों से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनकी जब्ती की कार्रवाई की जाए।

रवि गुप्ता की संपत्तियों की जांच जारी है और इसमें शामिल या उसका सहयोग करने वाले अन्य लोग भी कानून के शिकंजे में आएंगे। बताया कि जगजीत उर्फ जग्गा और उसके दो साथियों की गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तारी के बाद से ही रवि गुप्ता फरार चल रहा था। पुलिस ने यूपी की महराजगंज पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर उसे उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह नेपाल सीमा पार करने की कोशिश में था। पुलिस ने उसके पास से एक स्कॉर्पियो गाड़ी और नेपाल से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को रिमांड पर लेकर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
