

ऋषिकेश
मुनिकीरेती के 14 बीघा वार्ड संख्या 6 बंदे वाली रोड स्थित एक दुकान में अवैध रूप से बेची जा रही देशी व अंग्रेजी शराब पर स्थानीय महिलाओं ने छापेमारी कर बड़ा भंडाफोड़ किया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज महिलाओं ने खुद मोर्चा संभालते हुए मौके से लगभग 12 पेटी अवैध शराब जब्त करने का दावा किया है। मौके पर मौजूद नगर पालिका मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजलवाण ने बताया कि क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही है और पुलिस प्रशासन को भी समय-समय पर सूचित किया गया। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे तंग आकर स्थानीय महिलाओं को खुद ही दुकान पर दबिश देनी पड़ी। अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के इस कदम ने पुलिस और प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली को आईना दिखाने का काम किया है।

छापेमारी के दौरान आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस की भूमिका और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। सूचना मिलने के बाद मुनिकीरेती पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच व वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवाण के साथ अंबिका रावत, मीना मंदवाण, अंकिता बहुगुणा, बबीता रमोला, संदीप भंडारी, सुरेंद्र नेगी, अजय रमोला और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।
