
रायवाला
रायवाला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन चोरी की वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 30 जून को पीड़ित नुरुल हक निवासी हरिपुरकला रायवाला ने घर के बाहर से अपनी कार चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे से चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों सागर थापा, अमन थापा और गंगा चौधरी निवासी सिडकुल हरिद्वार को चोरी की कार सहित दबोच लिया। कोतवाल कमल कुमार की पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की लत व खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने इस चोरी को अंजाम दिया था। वे इस गाड़ी को बेचने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। सागर थापा पर पहले से कुल 15 आपराधिक मामले चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस के दर्ज हैं। जबकि अमन थापा पर भी एक मामला दर्ज है। इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने में उप-निरीक्षक कविन्द्र राणा और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।
