
ऋषिकेश
आगामी श्रावण मास कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज कमिश्नर गढ़वाल मंडल श्री आनंद स्वरूप ने लक्ष्मणझूला से लेकर प्रसिद्ध पौराणिक श्री नीलकंठ महादेव मंदिर तक का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।

🔱 बाबा नीलकंठ के दर पर टेका मत्था
निरीक्षण की शुरुआत में कमिश्नर ने श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मेले से जुड़े विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय रुख किया।
📋 व्यवस्थाओं को लेकर दिए ये मुख्य निर्देश।
बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात के भारी दबाव को देखते हुए कमिश्नर ने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। कांवड़ियों के भारी आवागमन को देखते हुए ट्रैफिक प्लान को दुरुस्त करने और पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए ताकि जाम की स्थिति न बने। मेला क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत रखने की बात कही। चिकित्सा सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने, मेला मार्ग पर पर्याप्त चिकित्सा दलो की तैनाती के साथ ही आवश्यक दवाइयों व उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

सुरक्षा व आपदा प्रबंधन: भीड़ नियंत्रण के लिए पुख्ता सुरक्षा घेरा तैयार करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीमों को मुस्तैद रहने को कहा। कमिश्नर ने कहा कि सावन कांवड़ मेला आस्था का बहुत बड़ा केंद्र है, जहां देश भर से लाखों शिवभक्त आते हैं। प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और तय समय सीमा के भीतर सारी तैयारियां पूरी करें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
इस महत्वपूर्ण स्थलीय निरीक्षण के दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, लक्ष्मणझूला कोतवाल/निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी, लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
