
ऋषिकेश
निहंग सिखों द्वारा उत्तराखंड आने की चेतावनी दिए जाने के बाद राज्य पुलिस और एसएसबी पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चारधाम व हेमकुंड साहिब की यात्रा को सुरक्षित रखने के लिए उत्तराखंड के कई संवेदनशील बॉर्डरों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस के साथ एसएसबी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जगह-जगह सघन चेकिंग अभियान चलाकर हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले कुल्हाल क्षेत्र के बॉर्डर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। जहां आने-जाने वाले वाहनों की कड़ी तलाशी ली जा रही है। ऋषिकेश के नटराज चौक और हेमकुंड गुरुद्वारे पर पुलिस मुस्तैदी के साथ चेकिंग अभियान चला रही है। यहां खुद एसपी और अन्य अधीनस्थ अधिकारी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जमीन पर मोर्चा संभाले हुए हैं। जनपद टिहरी के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में भी कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग की जा रही है। यहां सीओ और अन्य उच्चाधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून और टिहरी जिले के पुलिस कप्तानों ने स्थिति पर सीधा रुख साफ किया है कि चारधाम और हेमकुंड धाम की यात्रा निर्बाध और सुरक्षित रूप से चलती रहे, इसके लिए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। निहंगों की चेतावनी के बाद इस संवेदनशील मामले को लेकर सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं और हर स्तर पर चेकिंग जारी है।

पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक हर इनपुट पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि राज्य की शांति व्यवस्था में कोई खलल न पड़े।
