
ऋषिकेश
नगर निगम ऋषिकेश की भूमि पर बन रही बहुमंजिला प्रशासनिक बिल्डिंग के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आज एक महत्वपूर्ण संयुक्त निरीक्षण किया गया। ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने एमडीडीए, यूपीसीएल, जल संस्थान और नगर निगम के निर्माण व टैक्स विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद मेयर शंभू पासवान ने बताया कि इस बिल्डिंग के निर्माण को शुरू हुए लगभग 14 महीने का समय हो चुका है।

जबकि इस पूरी परियोजना को पूरा करने की निर्धारित अवधि 18 से 20 महीने तय की गई थी। मेयर ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में पार्टीशन वॉल का काम चल रहा है, लेकिन जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उसे देखकर लगता है कि तय समय सीमा के भीतर पूरा निर्माण कार्य खत्म कर पाना ठेकेदार के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। ठेकेदार राकेश शर्मा को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मैनपावर बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए। परिसर में मौजूद बिजली के ट्रांसफार्मर को दूसरी जगह शिफ्ट करने में आ रही दिक्कतों पर यूपीसीएल के अधिकारियों के साथ गहन चर्चा हुई। मेयर ने कहा कि विभागीय अड़चनों की वजह से काम में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। नगर निगम के आगामी बोर्ड बैठक हॉल, निर्माण विभाग, टैक्स विभाग और कर्मचारियों के बैठने के लिए केबिन की व्यवस्था कैसी होगी, इसके आंतरिक लेआउट पर भी अधिकारियों से सुझाव लिए गए।
