
देहरादून
देहरादून की डालनवाला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व विधायक पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को राज्य के एक चर्चित व संवेदनशील हत्याकांड में फंसाने की धमकी देने और आपराधिक षडयंत्र रचने का गंभीर आरोप है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी पूर्व विधायक को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया गया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 5 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कोतवाली डालनवाला में एक लिखित तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और एक्ट्रेस उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलकर एक सुनियोजित आपराधिक साजिश रची। आरोप है कि इन लोगों ने उनकी पार्टी और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से फर्जी व मनगढ़ंत ऑडियो और वीडियो तैयार किए। इस झूठे कंटेंट को सोशल मीडिया पर वायरल कर राज्य की शांति व्यवस्था भंग करने, उपद्रव और दंगे भड़काने का भी प्रयास किया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों गवाहों के बयानों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में जबरन वसूली से जुड़ी धारा 308(6) BNS की बढ़ोतरी की। ठोस सबूत मिलने के बाद, 14 जून को डालनवाला पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 336(4), 353(2), 356(3) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) व 66(ई) के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0- 04/2026) पंजीकृत किया था, जिसमें बाद में धारा 308(6) BNS भी जोड़ी गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले को सुलझाने और गिरफ्तारी करने वाली टीम में डालनवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर, निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलावत, वरिष्ठ उप-निरीक्षक कुलेन्द्र सिंह रावत, फव्वारा चौक चौकी प्रभारी धनीराम पुरोहित, कांस्टेबल आदित्य राठी और कांस्टेबल जगमोहन सिंह राणा शामिल रहे।
