
ऋषिकेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज ऋषिकेश के सोमेश्वर मंदिर परिसर में भव्य वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। संगठन के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने प्रतिभाग किया और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता का संदेश दिया।
“एक पेड़ मां के नाम” संकल्प के तहत लगाए पौधे
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री के विशेष आह्वान एक पेड़ माँ के नाम संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मंदिर परिसर में पीपल, नीम, बरगद और विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे रोपे गए। इस दौरान पूर्व मेयर ने कहा कि वृक्षारोपण कोई एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक ज़िम्मेदारी है। हरित भारत के संकल्प को मजबूत करना हम सभी का कर्तव्य है।

श्रमदान कर दिया “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” का मंत्र
वृक्षारोपण के साथ ही सोमेश्वर मंदिर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत के मूल मंत्र को दोहराते हुए पूर्व मेयर और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर श्रमदान किया। सभी ने मिलकर परिसर को कचरा मुक्त बनाने और इसे भविष्य में भी स्वच्छ रखने का सामूहिक संकल्प लिया। पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने मौके पर कहा कि बीते 12 वर्षों में मोदी सरकार ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नमामि गंगे स्वच्छ भारत मिशन और नेशनल मिशन फॉर ग्रीन इंडिया जैसी दूरदर्शी योजनाओं ने आज देश को एक नई दिशा और वैश्विक पहचान दी है। अनिता ममगाई ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनता के अटूट विश्वास और सरकार के सेवा भाव के कारण आज भारत हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र पर चलते हुए केंद्र सरकार महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए लगातार जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

युवाओं ने लिया हर महीने पेड़ लगाने का संकल्प
इस गरिमामयी कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय युवाओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित होकर सभी युवाओं ने संकल्प लिया कि वे वर्षभर हर महीने कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएंगे और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखकर देश के विकास में अपना योगदान देंगे।
