
ऋषिकेश
ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर स्थानीय व्यापारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद के नाम एक ज्ञापन ऋषिकेश स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन एक ऐतिहासिक और 100 वर्ष से भी अधिक पुराना स्टेशन है। दुर्भाग्यवश, वर्तमान समय में यहां से केवल पैसेंजर ट्रेनों का ही संचालन किया जा रहा है। अधिकांश महत्वपूर्ण ट्रेनों को शहर से काफी दूर स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन से चलाया जा रहा है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापारियों, ऑटो-रिक्शा चालकों, छोटे दुकानदारों और आम जनता की आजीविका पर पड़ रहा है। जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि योग नगरी स्टेशन शहर से दूर होने के कारण बाहर से आने वाले यात्री सीधे मुख्य बाजार क्षेत्र तक नहीं पहुंच पाते। व्यापार सभा लंबे समय से ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन बढ़ाने की मांग कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही कोई सकारात्मक निर्णय लेगा।
व्यापारी नेता रवि जैन और वरिष्ठ व्यापारी विवेक तिवारी ने कहा कि ऋषिकेश रेलवे स्टेशन शहर की पहचान और वर्षों पुरानी विरासत है। यदि यहां से कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन पुनः प्रारंभ किया जाता है, तो इससे शहर की व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह, ललितमोहन मिश्र, पूर्व मंडी सभापति राकेश अग्रवाल, रवि जैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु कश्यप,

पार्षद: देवेंद्र कुमार प्रजापति, सरोजनी थपलियाल, भगवान सिंह पंवार, परीक्षित मेहरा, मदन शर्मा, बी एस पयाल, राजेंद्र कोठारी, विवेक तिवारी, नितेश कुमार, राजकुमार मारवाह, जगमीत सिंह, अशोक सीकरी, विकास ग्रोवर, विपुल चुग, दीपक बंसल, अजय दिवाकर, सुयोग्य मिश्रा, ओम सिंह पंवार आदि शामिल रहे।
