
मुनिकीरेती
चारधाम यात्रा और वीकेंड के चलते मुनिकीरेती क्षेत्र में इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ गया है। इस चुनौतीपूर्ण माहौल और भीषण गर्मी के बीच टिहरी पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं। अपने जवानों का हौसला बढ़ाने के लिए अब जिले के आला अधिकारी खुद सड़क पर उतर आए हैं।

आज वीकेंड पर को SSP श्वेता चौबे, ASP दीपक सिंह और CO सुरेंद्र भंडारी ने स्वयं मुनिकीरेती क्षेत्र का दौरा किया। अधिकारियों ने न केवल यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया, बल्कि खुद कमान संभालकर ट्रैफिक संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में लगातार ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने रिफ्रेशमेंट वितरित किया।

मौके पर एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पूरी टीम को निर्देश दिए कि वे आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ पूरी मुस्तैदी, संयम और समर्पण के साथ पेश आएं और उनकी हरसंभव सहायता करें। एसएसपी ने चारधाम यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय आमजन से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था को सुरक्षित व सुचारू बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
