
ऋषिकेश
काले की ढाल पर बाहरी राज्य से आए पर्यटकों के साथ मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में आई पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बीती रात दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बीती 20 मई को ऋषिकेश के काले की ढाल पर कुछ बाहरी पर्यटकों के साथ स्थानीय भीड़ द्वारा मारपीट की गई थी और उनके वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन भी किया। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही दो मुख्य आरोपियों, अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है। इसी कड़ी में 23 मई की रात को पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि घटना में शामिल दो अन्य आरोपी ट्रांजिट कैम्प के पीछे, डग रोड क्षेत्र में कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पर्यटकों के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही वे पुलिस से बचने के लिए लगातार इधर-उधर छिप रहे थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमित निवासी कृष्ण नगर कॉलोनी और अर्जुन निवासी कृष्ण नगर कॉलोनी ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक निखिलेश सिंह बिष्ट, कांस्टेबल तेजपाल, चालक कांस्टेबल जयवीर, कांस्टेबल सोहन सिंह और कांस्टेबल हिमांशु कुमार शामिल रहे।
