
ऋषिकेश
ऋषिकेश में वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां होटल की पांचवीं मंजिल से अचानक लिफ्ट टूटकर सीधे ग्राउंड फ्लोर पर आ गिरी। इस भीषण दुर्घटना में लिफ्ट में सवार फरीदाबाद के 5 पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। एम्स पुलिस के मुताबिक यह हादसा वीरभद्र रोड स्थित होटल तुसक में हुआ। फरीदाबाद निवासी घायल वरुण कुमार, मनोज सूर्यवंशी, रूपेश कुमार, चेतन सिंह और जयप्रकाश ने बताया कि वह सभी रात का खाना खाने के लिए होटल की पांचवीं मंजिल पर गए थे। खाना खाने के बाद जब वह ग्राउंड फ्लोर पर आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए, तभी अचानक लिफ्ट का तार टूट गया और वह सीधे नीचे जा गिरी। पर्यटकों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि उनकी रूह कांप गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पर्यटक दर्द से कराहते हुए मिले। पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी को एम्स पहुंचाया। घायलों के साथियों ने बताया कि एक पर्यटक के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। एक साथी के हाथ में गंभीर चोट आई है। अन्य तीन साथी भी गंभीर रूप से घायल हैं। घटना से आक्रोशित पर्यटकों ने होटल संचालक और प्रबंधकों पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगाते हुए मौके पर ही जमकर लताड़ लगाई। पीड़ितों का कहना है कि लिफ्ट के रखरखाव में घोर लापरवाही बरती गई, जिससे उनकी जान पर बन आई। उन्होंने पुलिस से होटल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार का कहना है कि पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
