
ऋषिकेश
ऋषिकेश में काले की ढाल पर हरियाणा के पर्यटकों के साथ मारपीट, जानलेवा हमले और उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पर्यटकों की तहरीर पर पुलिस ने चार हमलावरो के खिलाफ नामजद और अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है। इस संबंध में आज ऋषिकेश कोतवाली में एसपी जया बलूनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि 20 मई को कैथल हरियाणा के रहने वाले सतवीर सिंह, सोनू, सतीश कुमार, प्रदीप कुमार और विक्रम सिंह कार से ऋषिकेश घूमने आ रहे थे। दावा किया कि काले की ढाल पर एक महिला से हुई किसी गलतफहमी के बाद मौके पर जमा भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पर्यटकों के साथ बुरी तरह मारपीट की। जिससे वह घायल हो गए। उपद्रवियों ने पर्यटकों के वाहन को भी तोड़ डाला। पीड़ित सतवीर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भरत विहार से दो नामजद आरोपियों को दबोच लिया। जिनके नाम अशोक थापा व नरेश कश्यप निवासी काले की ढाल है। अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
