
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट प्रतिबंधित गंगा तटों पर चेतावनी बोर्ड को अनदेखा करना पर्यटकों को भारी पड़ रहा है। यह लापरवाही पर्यटकों की जान ले रही है। ताजा मामला मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत तपोवन के पांडव पत्थर तट से सामने आया है। यहां दिल्ली से घूमने पहुंचे चार किशोरों में शामिल एक किशोर गंगा की गहराई में डूब गया है। एसडीआरएफ की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया। गोताखोरों ने भी गंगा की गहराई में गोता लगाया, लेकिन किशोर का फिलहाल कुछ पता नहीं चला है। रात होने की वजह से सर्च ऑपरेशन को रोक दिया गया है। कल सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि गंगा में डूबे किशोर की पहचान आशीष कुमार निवासी सागरपुर दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है परिजन दिल्ली से घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं। पुलिस ने बताया कि जिस गंगा तट पर किशोर गंगा में डूबा वह तट प्रतिबंधित घाट की श्रेणी में आता है और यहां पर्यटकों को गंगा तट पर जाने से रोकने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी बोर्ड भी लगाए है। फिर भी पर्यटक चेतावनी बोर्ड को नजरअंदाज कर रहे हैं। कुछ दिन पहले भी प्रतिबंधित गंगा तट पर नहाने के दौरान एक छात्र की डूब कर मौत हो चुकी है। SDRF ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वर्तमान में गंगा का जलस्तर और बहाव काफी अधिक है। पर्यटक अनजान और गहरे स्थानों पर नहाने का जोखिम न उठाएं। घाटों पर लगे सुरक्षा निर्देशों और चेतावनी बोर्डों का पालन अनिवार्य रूप से करें। बच्चों को नदी के समीप अकेला न छोड़ें।
