
ऋषिकेश
लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत धोतिया गांव को जाने वाले रास्ते पर जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह गल चुका था और उससे तीव्र दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखवा दिया है। लक्ष्मण झूला थाना पुलिस के मुताबिक गुरुवार को कोतवाली लक्ष्मणझूला को सूचना प्राप्त हुई कि रामा होटल के पास धोतिया गांव मार्ग पर जंगल की तरफ एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल और चौकी प्रभारी रामझूला नवीन पुरोहित पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति ने करीब 10 से 15 दिन पहले आत्महत्या की होगी। शव से अत्यधिक दुर्गंध आने के कारण पुलिस कर्मियों को उसे नीचे उतारने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मृतक के पास से पहचान संबंधी दस्तावेजों की तलाशी ली, लेकिन उसकी जेब से मात्र 2600 रुपये नगद बरामद हुए। इसके अलावा ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। शव को पंचायतनामा और शिनाख्त की कार्रवाई के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। आसपास के थाना क्षेत्रों, आश्रमों, धर्मशालाओं और होटलों में मृतक की तस्वीर साझा कर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
