
ऋषिकेश
नगर निगम ऋषिकेश के अंतर्गत जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में आज महापौर शम्भू पासवान ने वार्ड संख्या 28 में NCAP (नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम) के तहत लगभग 16 लाख की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया।
धूल-मुक्त शहर और बेहतर वायु गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता: महापौर
उद्घाटन के पश्चात स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य हर वार्ड में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र की सड़कों को धूल-मुक्त बनाना प्राथमिकता है ताकि वायु प्रदूषण कम हो।NCAP के माध्यम से किए जा रहे ये कार्य शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाएंगे। प्रत्येक नागरिक को सुगम आवागमन और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना प्रशासन का संकल्प है। महापौर ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में उच्च स्तरीय मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामग्री के मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूर्ण करना अनिवार्य होगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद लव कम्बोज ने महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से वार्ड नंबर 28 के निवासियों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और गंदगी की समस्या से निजात मिलेगी। सड़क बनने से स्थानीय लोगों का आवागमन न केवल सुलभ होगा, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता में भी सुधार आएगा।
