
देवप्रयाग
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे दिल्ली के पर्यटकों की कार तोताघाटी के समीप अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिरकर गंगा नदी के किनारे जा रुकी। हादसे में कार सवार युवक और उसकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। देवप्रयाग थाना पुलिस के मुताबिक आज सुबह करीब 06:15 बजे, पुलिस कंट्रोल रूम 112 को सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली देवप्रयाग प्रभारी निरीक्षक प्रशांत बहुगुणा और बछेलीखाल चौकी की पुलिस टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
स्थान: सफेद पहाड़ बैंड, तोताघाटी (NH-07)।
वाहन: टाटा टिगोर (नंबर: DL11CD-3154)।
गहराई: हाईवे से लगभग 400-500 मीटर नीचे गंगा किनारे।

रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF व्यासी की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और SDRF की टीम ने संयुक्त रूप से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम नदी किनारे क्षतिग्रस्त कार तक पहुंची।
घायलों की स्थिति
रेस्क्यू टीम को कार के पास एक युवक घायल अवस्था में मिला, जिसकी पहचान अनीस (22 वर्ष), निवासी सिंघु विलेज, दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ में अनीस ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र सुहानी (20 वर्ष) निवासी गुरुग्राम के साथ 26 अप्रैल को केदारनाथ दर्शन के लिए निकला था। 27 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वे सोनप्रयाग से दिल्ली के लिए वापस चले थे। सुबह करीब 5 बजे नींद या स्किड होने के कारण कार पैराफिट तोड़कर खाई में गिर गई। हादसे के दौरान अनीस कार से छिटक कर जंगल में गिर गया, जबकि सुहानी कार के साथ नीचे तक चली गई। पुलिस और SDRF ने सघन सर्च अभियान चलाकर लापता युवती सुहानी को भी नदी किनारे जंगल से घायल अवस्था में बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा दोनों घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेस्क्यू कर बागी सीएचसी भेज दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर रात के समय सफर करते वक्त विशेष सावधानी बरतें।
