
ऋषिकेश
तीर्थनगरी के चंद्रेश्वर नगर में होटल द्वारा सड़क और कॉप्लेक्स में की जा रही अवैध पार्किंग का मामला तूल पकड़ चुका है। स्थानीय निवासियों के कड़े विरोध और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद होटल संचालक को झुकना पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संचालक ने पुलिस को लिखित में माफीनामा सौंपा और भविष्य में नियमों के पालन करने का आश्वासन दिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक चंद्रेश्वर नगर स्थित एक होटल संचालक द्वारा लंबे समय से वाहनों की अवैध पार्किंग की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉम्प्लेक्स और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण आवाजाही बाधित होती है। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है, बल्कि पास के दुकानदारों का व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आज समाजसेवी और गंगा प्रेमी राघव झा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कोतवाली ऋषिकेश पहुंचे। निवासियों ने कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया। कोतवाल के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए अवैध पार्किंग के आरोप सही पाए गए। पुलिस ने संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्राहकों के वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े कराए जाएं। पुलिसिया कार्रवाई के बाद होटल संचालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। संचालक ने पुलिस को लिखित में माफीनामा देते हुए भरोसा दिलाया है कि वह प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगा और क्षेत्रवासियों को दोबारा शिकायत का मौका नहीं देगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस कदम से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और व्यापारियों को राहत मिलेगी।
