
रुद्रपुर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नशा मुक्त देवभूमि संकल्प को साकार करने की दिशा में उधमसिंहनगर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने करीब 558.78 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि एसओजी और रुद्रपुर कोतवाली की संयुक्त टीम ने बागवाला फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध कैंटर को रोका। तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई। कैंटर में सुतली के गट्ठरों के नीचे बेहद शातिराना तरीके से गांजे के 18 प्लास्टिक कट्टे और 3 स्कूली बैग छिपाए गए थे। गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे यह भारी खेप उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से लाए है। तस्करों की पहचान संजय गुप्ता निवासी रुद्रपुर, दीपू यादव मोहित यादव निवासी मैनपुरी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
संजय गुप्ता (38 वर्ष): निवासी रुद्रपुर (मुख्य सरगना, पूर्व में भी NDPS एक्ट के तहत कई मामले दर्ज)।
डीटू यादव (26 वर्ष): निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश।
मोहित यादव (28 वर्ष): निवासी मैनपुरी, उत्तर प्रदेश।
संजय गुप्ता का आपराधिक इतिहास: मुख्य अभियुक्त संजय गुप्ता पहले से ही नशा तस्करी के मामलों में वांछित रहा है। पुलिस द्वारा उसकी करीब 3 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को सीज करने की कार्रवाई भी पहले से ही गतिमान है।
बरामदगी की लिस्ट
गांजा: 558.78 किलोग्राम
वाहन: 01 कैंटर (UP81 FT 5851)
नगदी: ₹29,880/-
मोबाइल: 05 अदद
टीम को मिला इनाम, एसएसपी ने दी चेतावनी
इस शानदार उपलब्धि के लिए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम को 7,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। एसएसपी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी और देवभूमि की जड़ों में जहर घोलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
