
शहर में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी के बीच श्यामपुर के लक्कड़घाट में खाली कमर्शियल गैस सिलेंडरों का जखीरा पकड़ा गया है। यह गैस सिलेंडर एक घर के बाहर बनाई गई दुकान से बरामद हुए हैं। प्रशासन ने सिलेंडरों को जप्त करते हुए गैस एजेंसी के हवाले कर दिया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि यह गैस सिलेंडर किसके हैं और उसने इस तरीके से अवैध भंडारण क्यो किया। सिलेंडर का जखीरा मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने अवैध भंडारण को लेकर के कई प्रकार के सवाल खड़े किये। शांति व्यवस्था भंग ना हो इसके लिए सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर अपनी नजर बनाई। इस दौरान पूर्ति विभाग की टीम तहसील प्रशासन के साथ मौके पर आई। उन्होंने मकान मालिक से दुकान और सिलेंडरों के बारे में पूछताछ की, लेकिन मकान मालिक ने किराएदार की जानकारी नहीं दी।

पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने बताया कि रिहायशी इलाके में इस प्रकार से अवैध गैस सिलेंडर का भंडारण करना ठीक नहीं है। यदि कोई सिलेंडर किसी कारण से ब्लास्ट हुआ तो उससे कितनी बड़ी जनहानि होगी इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। लोगों को इस प्रकार से अवैध रिफिलिंग और भंडारण करने वालों को अपनी दुकान और मकान किराए पर नहीं देने चाहिए। ऐसे दुकान और मकान मालिकों के खिलाफ विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि 135 खाली कमर्शियल सिलेंडर दुकान से बरामद कर जप्त किए गए हैं। मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू की गई है।
