
ऋषिकेश के निकट ब्रह्मपुरी में होली का त्योहार मनाने आए दोस्तों की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब गंगा की लहरों ने एक 20 वर्षीय युवक को अपनी आगोश में ले लिया। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। फरीदाबाद से अक्षय अपने दोस्तों के साथ होली की छुट्टियां बिताने और गंगा स्नान करने ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती आया था। ब्रह्मपुरी में गंगा में नहाते समय अचानक पैर फिसलने के कारण अक्षय तेज धारा की चपेट में आ गया और बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम तत्काल सक्रिय हुई। इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में टीम ने मोटर बोट के जरिए सर्च ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद अक्षय को पानी से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद जवानों ने अक्षय की जान बचाने के लिए उसे तत्काल सीपीआर दिया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

डॉक्टरों ने जांच के बाद 20 वर्षीय अक्षय को मृत घोषित कर दिया। तपोवन चौकी प्रभारी प्रवीन रावत और एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ होली मनाने आया था। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बता दे कि जिस घर में अक्षय की वापसी का इंतजार हो रहा था, वहां अब उसके शव पहुंचने की खबर पहुंची है। होली जैसे उमंग भरे त्योहार पर जवान बेटे को खो देने के गम ने परिवार को तोड़ कर रख दिया है। प्रशासन ने एक बार फिर पर्यटकों से गंगा की लहरों के बीच सावधानी बरतने की अपील की है।
