
ऋषिकेश
आगामी होली के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए ऋषिकेश रानीपोखरी और रायवाला पुलिस ने कमर कस ली है। सीओ नीरज सेमवाल ने होली को लेकर पुलिस की व्यापक तैयारियों का खाका साझा किया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण भागों में विभाजित किया गया है। होली के दौरान सड़कों पर भीड़ और हुड़दंग को रोकने के लिए एक विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। शहर के मुख्य चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी ताकि आमजन को आवाजाही में कोई परेशानी न हो। पूरे सर्किल क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा बलों का वितरण क्षेत्र की संवेदनशीलता के आधार पर किया गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ऋषिकेश में आने वाले बाहरी पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रानीपोखरी, रायवाला और कोतवाली क्षेत्र में विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। इन पॉइंट्स पर 24 घंटे चेकिंग की जा रही है ताकि हुड़दंगियों और संदिग्ध वस्तुओं के परिवहन पर रोक लगाई जा सके। सीओ नीरज सेमवाल ने विश्वास जताया कि इन पुख्ता इंतज़ामों का सकारात्मक असर होली के दौरान देखने को मिलेगा और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकेंगे।
