
डोईवाला
अब बड़ी खबर देहरादून के डोईवाला कोतवाली क्षेत्र से सामने आई है। जहां पुलिस की चेकिंग को देख नशे में धुत्त एक रईसजादे ने अपनी बीएमडब्ल्यू में ब्रेक लगाने की जगह एक्सीलेटर को और तेज कर दिया। हवा से बातें करती बीएमडब्ल्यू ने पुलिस की बैरिकेडिंग को जोरदार टक्कर मार क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने जब रईसजादे को पकड़ने की कोशिश की तो उसने अपनी बीएमडब्ल्यू को फिल्मी स्टाइल में पीछे लिया और फिर एका एक चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर चढ़ा दिया। इस घटना से पुलिस कर्मियों में सनसनी मच गई और मौके पर सब इंस्पेक्टर रघुवीर सिंह और उनके साथी मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। डोईवाला के कोतवाल प्रदीप राणा ने हिम्मत दिखाई और दोनों घायलों को लेकर फटाफट जॉली ग्रांट अस्पताल पहुंचे। यहां दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस टीम ने किसी तरह रईसजादे बिजनौर निवासी तरुण को गिरफ्तार किया। मेडिकल जांच में तरुण के नशे में होने की पुष्टि हुई है। कोतवाल ने बताया कि बीएमडब्ल्यू भी बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त है। जिसे कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और तरुण को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
