
पौड़ी
SSP सर्वेश पंवार ने आज पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कामकाज का बारीकी से जायजा लिया और अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित फाइलों और जन शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता पुलिसिंग की प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और इंडेक्सिंग के साथ-साथ डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। DCRB शाखा को निर्देशित किया कि गुमशुदा व्यक्तियों और वाहनों का विवरण ‘वात्सल्य’ और जिपनैट जैसे पोर्टलों पर तत्काल अपडेट किया जाए। निरीक्षण के अंत में एसएसपी सर्वेश पंवार ने सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसामान्य को त्वरित सेवा प्रदान करना ही पुलिस का मुख्य लक्ष्य है।

उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यालय कार्यों में अनुशासन और दक्षता अनिवार्य है। यदि किसी भी स्तर पर कार्य के प्रति लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। समस्त लंबित कार्यों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित करें। महिला काउंसलिंग सेल को पॉक्सो एक्ट से संबंधित पीड़िताओं को सरकार की ‘अपराध सहायता योजना’ के तहत मिलने वाली धनराशि का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और रिकॉर्ड रूम की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।
