
ऋषिकेश
योग नगरी में शांति और सुकून की तलाश में आने वाले पर्यटकों को नशे का ‘जहर’ परोसने की तैयारी कर रहे दो तस्करों के मंसूबों पर लक्ष्मण झूला पुलिस ने पानी फेर दिया है। पुलिस ने न केवल इन स्मार्ट तस्करों को दबोचा है, बल्कि उनके पास से लाखों की स्मैक भी बरामद की है। मामला तब शुरू हुआ जब थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी अपनी टीम के साथ इलाके में संदिग्धों की तलाश में थे। तभी दो युवक पुलिस को देखकर कतराने लगे। जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो दोनों ने दौड़ लगा दी। लेकिन पुलिस की घेराबंदी के आगे उनकी फुर्ती धरी की धरी रह गई। जब पुलिस ने उन्हें पकड़कर तलाशी ली तो उनके पास से 31 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साबिर अली और शराफत अली निवासी श्रीनगर, गढ़वाल के रूप में हुई है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि ये स्मैक रामपुर बस अड्डे से शकील नाम के शख्स से खरीदकर लाए है। लक्ष्मण झूला आने वाले रईस पर्यटक इन तस्करों के सॉफ्ट टारगेट थे। इसके अलावा स्मैक महंगे दामों में बेचकर रातों-रात मोटा रकम कमानी भी इनके मकसद में शामिल था। पुलिस कप्तान सर्वेश पवार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर सीधा जेल भेज दिया गया है। वहीं, सप्लाई देने वाले मास्टरमाइंड ‘शकील’ की तलाश में पुलिस ने जाल बिछा दिया है।
