

ऋषिकेश
ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रंग-बिरंगे फूलों, मटकियों और आकर्षक सजावट से सजे स्कूल परिसर में हुई। कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के नन्हे मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं पर आधारित जीवंत और भव्य झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में मंच पर विराजमान होकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाया। समारोह के दौरान छात्रों ने भजन, मनमोहक नृत्य और कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। जिसका संचालन शिक्षक पंकज कोटियाल, विक्रम सिंह वर्मा, दीपक रतूड़ी व मनीषा रावत ने किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गुंजायमान रहा।

राधा-कृष्ण का स्वरूप धरे बच्चों को उपहार स्वरूप मिठाइयां दी गईं तथा उपस्थित सभी लोगों को माखन मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे, संस्थापक डॉ. दर्शन लाल, प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को सत्य, प्रेम, सद्भाव और कर्मयोग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हुए जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और बधाई संदेशों के साथ हुआ।
