ऋषिकेश
दृढ़ संकल्प, मेहनत और अटूट आत्मविश्वास के बल पर ऋषिकेश की अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी डॉ. नीरजा गोयल ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड खेल महाकुंभ 2026 के तहत आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में डॉ. नीरजा गोयल ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। शानदार प्रदर्शन के दम पर शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर उन्हें प्रतियोगिता का योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ. नीरजा गोयल केवल खेल के मैदान तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय हैं। वे ऋषिकेश स्थित नीरजा देवभूमि चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक हैं। अपने ट्रस्ट के सेवा परमो धर्म के ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए वे समाज के वंचित वर्गों के उत्थान में जुटी हुई हैं।
ट्रस्ट के माध्यम से वे
जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण दे रही हैं।
महिलाओं के स्वावलंबन के लिए सिलाई प्रशिक्षण का संचालन कर रही हैं।
जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
डॉ. नीरजा की यह उपलब्धि प्रदेश भर के दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। उनकी यह सफलता साबित करती है कि अगर इरादे बुलंद हों, तो शारीरिक सीमाएं कभी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्थानीय खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
