ऋषिकेश
दशहरा पर्व के मद्देनजर 20 अक्टूबर को ऋषिकेश शहर में सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पर्व के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक और रूट डायवर्जन रहेगा। टीएसआई रविकांत ने बताया कि दोपहर 2 बजे से श्यामपुर से किसी भी प्रकार के बड़े वाहन को ऋषिकेश शहर की ओर नहीं आने दिया जाएगा। इन सभी वाहनों को ऋषिकेश बाईपास से होते हुए नटराज चौक की ओर भेजा जाएगा। पुरानी चुंगी से वाहनों को डायवर्ट करके अंबेडकर चौक, गौरा देवी चौक और नटराज चौक की ओर भेजा जाएगा। चंद्रभागा तिराहे से वाहनों को डायवर्ट कर बस अड्डे की ओर से नटराज चौक और फिर बाईपास की तरफ भेजा जाएगा। दोपहर 2 बजे से त्रिवेणी घाट चौराहा, घाट रोड, जयराम आश्रम मोड़, लाजपत रोड, मुखर्जी मार्ग, क्षेत्र रोड और गोल मार्केट रोड पर किसी भी प्रकार के दोपहिया या चारपहिया वाहन के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने लोगों को असुविधा से बचने के लिए ट्रैफिक प्लान के अनुसार बाजार आने की अपील की है। पर्व में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए जयराम आश्रम मोड़ स्थित टैक्सी स्टैंड और विक्रम स्टैंड को खाली करवाकर वहां अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। पंजाब सिंध क्षेत्र धर्मशाला में भी वाहनों के पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
मेला क्षेत्र और शहर में यातायात का दबाव कम होने और स्थिति सामान्य होने पर सभी स्थानों से ट्रैफिक को सुचारू रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
विशेष अपील: प्रशासन की ओर से सभी संभ्रांत नागरिकों और शहरवासियों से विशेष अनुरोध किया गया है कि वे पर्व के दौरान अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए दोपहिया वाहनों का ही प्रयोग करें और ट्रैफिक व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें।
