ऋषिकेश
ऋषिकेश में नशे की आग में अंधे हो चुके दो शातिर बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। दिल्ली से मौज-मस्ती करने आए दो नशेडियों ने अपने शौक पूरे करने के लिए खौफनाक साजिश रची। पहले हरिद्वार से एक बाइक चुराई और फिर ऋषिकेश के श्यामपुर की सड़क पर एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद एक बदमाश को दबोच लिया। जबकि दूसरे फरार बदमाश की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक रोंगटे खड़े कर देने वाली यह वारदात बीते 30 सितंबर की है। श्यामपुर की रहने वाली इंदु चंदोला अपनी बेटी का हाथ थामे श्रीनगर जाने के लिए घर से पैदल निकली। तभी रफ्तार से आई एक बाइक उनके करीब रुकी। जब तक मां-बेटी कुछ समझ पातीं, बाइक सवार बदमाशों ने इंदु चंदोला की गर्दन पर झपट्टा मारकर उनकी सोने की चैन झपट ली और पलक झपकते ही फरार हो गए। सरेराह हुई इस खुली लूट से इलाके में सनसनी मच गई।
पुलिस की नाकेबंदी में फंसा दिल्ली का शातिर शिकारी
वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने जाल बिछाया। एसएसआई नवीन जोशी के नेतृत्व में टीम एक्टिव हुई और श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने सड़कों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे बाइक सवार शिव परमार को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। तलाशी लेते ही पुलिस के होश उड़ गए। आरोपी की जेब से महिला की छीनी गई सोने की चैन बरामद हुई।
नशे की लत बनी अपराध की वजह
एसपी जया बलूनी ने रोंगटे खड़े करने वाला खुलासा करते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी शिव परमार मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। वह अपने दोस्त के साथ हरिद्वार घूमने आया था, लेकिन नशे की भयंकर लत ने उन्हें बदमाश बना दिया। नशे की खुमारी पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने पहले हरिद्वार से बाइक चोरी की और फिर ऋषिकेश आकर स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेजकर चोरी की बाइक व सोने की चैन जब्त कर ली है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी भी फरार है। पुलिस का दावा है कि दूसरे आरोपी को भी जल्द सलाखों के पीछे लाया जाएगा।
