ऋषिकेश
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा आयोजित ‘सतर्कता जागरूकता अभियान 2026’ के तहत शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर आधारित इन प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कलात्मक व बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम संयोजक नरेन्द्र खुराना ने बताया कि इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य भावी पीढ़ी में ईमानदारी, पारदर्शी आचरण, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार-मुक्त समाज के प्रति चेतना जगाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थी न केवल सामाजिक उत्तरदायित्वों को समझते हैं, बल्कि एक सशक्त और पारदर्शी समाज के निर्माण के लिए भी प्रेरित होते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने निबंध के माध्यम से सतर्कता व नैतिक मूल्यों पर अपने विचार रखे, वहीं चित्रकला के जरिए रंगों की मदद से जागरूकता और सत्यनिष्ठा का संदेश उकेरा।
कार्यक्रम में टीएचडीसी के उपमहाप्रबंधक (मानव संसाधन) अनिल मुंडु, सतर्कता प्रबंधक ललित भट्ट, अशोक शर्मा एवं रवीन्द्र प्रसाद सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत और शिक्षिका सीमा कटारिया उपस्थित रहे। सभी अतिथियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयास एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और नैतिक चेतना के लिए बेहद आवश्यक हैं।
