

ऋषिकेश
रोटरी क्लब ऋषिकेश ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व सेवा, शिक्षा और संस्कारों के साथ मनाया। क्लब द्वारा भगवती देवी शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए गरीब व जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम की 8 सेट पुस्तकें विद्यालय को भेंट की गईं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं और माखन-मटकी फोड़ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया।
क्लब द्वारा भेंट की गई पुस्तकें विद्यालय की लाइब्रेरी में रखी जाएंगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी आसानी से अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। इस सेवा कार्य में रोटेरियन नितिन गवरी का विशेष योगदान रहा, जिसके लिए क्लब ने उनका आभार जताया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष एम. एस. बिष्ट ने कहा, “शिक्षा के लिए किया गया हर छोटा प्रयास बच्चे के भविष्य को नई दिशा दे सकता है। जन्माष्टमी पर सेवा और शिक्षा का यह संगम भगवान श्रीकृष्ण के कर्म और मानवता के संदेश को सार्थक करता है।”
सचिव मनीष 4राजपूत ने बताया कि इस दौरान डॉ. हरिओम प्रसाद, गौरव अग्रवाल, निखिल गोयल, राजीव गर्ग और अनुभव अग्रवाल सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।
