

ऋषिकेश
आगामी छात्रसंघ चुनाव को लेकर ऋषिकेश कॉलेज परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कैंपस में अपना जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए नए सदस्यों को जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। इसी कड़ी में वरिष्ठ छात्र नेता वैभव रावत की अगुवाई में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विद्यार्थी परिषद का दामन थामा।

कॉलेज परिसर में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम के दौरान वैभव रावत और अन्य कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को ABVP की विचारधारा, राष्ट्रवादी सोच और छात्रहित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों से अवगत कराया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के संगठन में शामिल होने से कैंपस में विद्यार्थी परिषद का पलड़ा काफी भारी और मजबूत नज़र आ रहा है।
छात्रहित की आवाज़ को मिलेगी नई ताकत: वैभव रावत
समारोह को संबोधित करते हुए वैभव रावत ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल पद पाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह सामान्य छात्रों के अधिकारों और उनकी आवाज़ को बुलंद करने का सशक्त माध्यम है। ऋषिकेश कॉलेज में शिक्षा का सकारात्मक माहौल बनाना, बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करना और हर छात्र की समस्या का समाधान करना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह से युवाओं का समर्थन ABVP को मिल रहा है, उससे साफ है कि कैंपस का युवा विकास और राष्ट्रवादी सोच के साथ खड़ा है। आने वाले दिनों में संगठन कॉलेज के हर विभाग तक पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद करेगा।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सदस्यता लेने वाले नव-नियुक्त सदस्यों ने भी संकल्प लिया कि वे छात्रहित की इस लड़ाई में कंधा से कंधा मिलाकर काम करेंगे।
