

ऋषिकेश
अखिल भारतीय सनातन संगठन ने आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक फीचर फिल्म “हनुमान अंश” को उत्तराखण्ड में टैक्स फ्री करने की पुरजोर मांग की है। इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र प्रेषित कर फिल्म को मनोरंजन कर से मुक्त करने का अनुरोध किया है।
पत्र के माध्यम से डॉ. नेगी ने कहा कि “हनुमान अंश” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज के लिए एक सशक्त संदेश है। यह फिल्म भगवान श्री हनुमान जी के आदर्शों, सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का एक बेहतरीन माध्यम है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को ‘देवभूमि’ के रूप में जाना जाता है, जिसकी अपनी एक समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है। ऐसी पावन भूमि पर भारतीय मूल्यों और सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने वाली प्रेरणादायक फिल्मों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है।
डॉ. नेगी ने मुख्यमंत्री से जनहित और सांस्कृतिक संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री घोषित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिल्म के टैक्स फ्री होने से राज्य के विद्यार्थी, युवा और परिवार रियायती दरों पर अधिक से अधिक संख्या में इसे देख सकेंगे और इसके नैतिक संदेशों से लाभान्वित हो सकेंगे।
संगठन मंत्री ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार सनातन संस्कृति और युवाओं में सांस्कृतिक चेतना जगाने वाली इस पहल पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगी।
